THE NEWS WARRIOR
20/06/2022
120 मीटर से ज्यादा दूर फंसी हुई थी टिंबर ट्रेल रोपवे, रस्सी के जरिए उतार कर किया गया रेस्क्यू
सोलन:-
हिमाचल प्रदेश में सोलन जिले के परवाणू स्थित टिंबर ट्रेल रोपवे (केबल कार) में आज 11 लोग फंस गए। सभी लोगों को रस्सी के सहारे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। यह ट्रॉली करीब पांच घंटे से भी ज्यादा समय तक हवा में अटकी रही। सोलन जिला प्रशासन और टिंबर ट्रेल के टेक्निकल स्टाफ ने इन लोगों को निकाला। वहीं, एनडीआरएफ (NDRF) की टीम भी मौके पर पहुंची। रेस्क्यू करने के बाद निकाले गए लोगों के स्वास्थ्य की जांच की ।
वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी लोगों को जल्द सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने खुद मौके पर जाने की बात कही। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान रोपवे के पास बड़ी संख्या में लोग जुट गए। जानकारी के अनुसार ट्रॉली जमीन से करीब 120 मीटर से ज्यादा दूर फंसी हुई थी। ट्रॉली से निकाले गए लोग बेहद घबराए हुए हैं। सभी लोग सुबह 11 बजे से केबल कार में फंसे हुए थे और पांच घंटे से भी ज्यादा समय तक फंसे रहें।
तकनीकी खराबी के कारण हवा में लटके लोग
राज्य के प्रवेश द्वार परवाणू के पास टिंबर ट्रेल से करीब 800 मीटर दूर पहाड़ी पर होटल है। होटल के लिए लोग रोपवे के जरिए पहुंचते हैं। सोमवार को करीब 11 बजे ट्रॉली में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद से ट्रॉली हवा में लटक गई। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार सभी लोगों को रस्सी के जरिए उतार कर रेस्क्यू किया गया। कुछ लोग रस्सी के जरिए उतरने में घबरा रहे थे। इस वजह से इन्हें रेस्क्यू करना चुनौतीपूर्ण हो गया। जिला प्रशासन ने सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए सेना से मदद मांगी। वहीं तकनीकी खराबी के कारण हवा में अटकी ट्रॉली को दुरुस्त करने के लिए तकनीकी टीम भी पहुंची।
यह भी पढ़े:-