बिलासपुर जिला के झंडूता क्षेत्र के बकैण गांव के परमवीर चक्र विजेता सूबेदार संजय कुमार को सेना की ओर से पदोन्नति मिली है। संजय कुमार सेना में सूबेदार मेजर होंगे। परमवीर चक्र विजेता सूबेदार मेजर संजय कुमार को नेशनल डिफेंस अकादमी पुणे में तैनाती मिली है। अब संजय कुमार यहां पर अपनी सेवाएं देंगे। सूबेदार मेजर संजय कुमार की पदोन्नति से परिजनों के साथ गांव में भी खुशी का माहौल है। अभी हाल ही में इन्हें यह पदोन्नति मिली है। संजय कुमार ने नेशनल डिफेंस अकादमी में अपनी ज्वाइनिंग दे दी है। जानकारी के अनुसार परमवीर चक्र विजेता संजय कुमार ने कारगिल युद्ध में अपनी अहम भूमिका निभाई थी। एक ओर जहां इस युद्ध में अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए कई रंणबांकुरों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी, वहीं, बकैण गांव का यह जवान भी इस युद्ध में अपनी प्राणों को दांव पर लगाने में पीछे नहीं रहा।
इस युद्ध में भारतीय सेना ने जीत हासिल की थी। इस दौरान अदम्य साहस के लिए संजय कुमार को परमवीर चक्र मिला था। वहीं अब उन्हें सेना में पदोन्नति मिली है। बता दें कि संजय कुमार कौन बनेगा करोड़पति कार्यक्रम में शिरकत कर चुके हैं। गत वर्ष यह कार्यक्रम कौन बनेगा करोड़पति पर लोगों ने देखा था। कौन बनेगा करोड़पति का यह अंतिम एपीसोड कारगिल युद्ध के योद्धाओं पर आधारित था। बिग बी की हॉट सीट पर संजय कुमार बिग बी के सवालों का जबाव देते हुए नजर आए थे।