THE NEWS WARRIOR
03 /03 /2022
हजारों देवलुओं ने स्वर्ग बना दी छोटी काशी
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में वर्षों बाद शाही जलेब का टूटा रिकॉर्ड
185 देवी देवता पहुंचे अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में
मुख्यमंत्री ने बजंतरियों के मानदेय में 100 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा
मंडी:-
छोटी काशी मंडी के फिजाएं एक बार फिर से बुधवार को श्रद्धा, भक्ति व उल्लास की गवाह बनी। कोरोना संकट के बीच उमड़े आस्था के सैलाब ने सारे कायदे कानूनों को बौना साबित कर दिया। देवध्वनियों से छोटी काशी बुधवार को गंूजायेमान हो उठी। यह मौका था कि नववर्ष में सबसे पहले लगने वाले देव महाकुंभ अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का। इसकी पहली शाही जलेब बुधवार को निकाली गई और इस अवसर पर उमड़े सैलाब ने पिछले कई वर्षों के रिकार्ड तोड़ दिए। 185 पंजीकृत देवी-देवताओं को मिलाकर अढ़ाई सौ से अधिक देवी-देवता अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के लिए मंडी को पहुंच चुके हैं। इनके साथ हजारों देवलु मंडी पहुंचे हैं। छोटी काशी का नजारा स्वर्ग सा बना हुआ है।
185 देवी देवता पंहुचे मंडी
देवी देवता पड्डल मैदान में बैठकर लोगों को आशीर्वाद दे रहे हैं। वहीं शिवरात्रि महोत्सव के पहले ही दिन पंजीकृत 216 देवी देवताओं में से 185 देवी देवता पहुंच गए हैं। ये भी अपने आप में एक रिकार्ड हैं। इससे पहले कभी भी शिवरात्रि महोत्सव के उदघाटन दिन पर पंजीकृत देवी देवताओं के आने का आंकड़ा यहां तक नहीं पहुंचा है। इस बार उम्मीद जताई जा रही है कि महोत्सव में आने वाले पंजीकृत देवी-देवताओं का आंकड़ा 190 को पार करेगा।
मुख्यमंत्री ने बजंतरियों के मानदेय में 100 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा
मुख्यमंत्री ने बजंतरियों के मानदेय में 100 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की है। इसके साथ ही पहली नजराना और राशन खर्च में भी भारी वृद्धि की गई है, जिससे देव समाज गदगद हो उठा है। देव समाज ने इसके लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आभार प्रकट किया है।
जय भवानी के नारों से गूँजाी छोटी काशी
मंडी शिवरात्रि महोत्सव की जलेब में जय भवानी के नारे भी खूब गूंजे । केएस जंबाल के नेतृत्व में पगड़ी बांधे दर्जनों लोगों ने जय भवानी के खूब नारे भी लगाए। यह सभी लोग पूरे जलेब में मुख्यमंत्री की जीप के पीछे चलते रहे और जय भवानी के नारे लगते रहे।
अनिल शर्मा ने भी अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में की शिरकत
सरकार से नाराज और भाजपा से दूर चल रहे सदर विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिल शर्मा ने भी अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में शिरकत की। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा राजमाधव की पूजा-अर्चना कार्यक्रम में भी पहुंचे। हालांकि इससे पहले अनिल शर्मा देव सदन के उद्घाटन कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। यह देख भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही लोग भी हैरान रह गए। उधर, अनिल शर्मा से जब इस बारे में बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस वर्ष उन्हें शिवरात्रि में आने का न्यौता मिला था, तो वह आ गए। देव सदन के उद्घाटन कार्यक्रम का उन्हें कोई न्यौता नहीं मिला था। इसलिए वह वहां नहीं गए।