THE NEWS WARRIOR
16 /12 /2022
सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ सभी विधायक गुरुवार को दिल्ली में थे
शिमला
हिमाचल में कांग्रेस सरकार में मंत्रिमंडल का विस्तार अब विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बाद होगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ सभी विधायक गुरुवार को दिल्ली में थे और कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी उनके साथ थी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े समेत अन्य केंद्रीय नेताओं से मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा हुई है। हालांकि फिर तय हुआ कि शीतकालीन सत्र के बाद ही मंत्रियों के शपथ करवाई जाए। सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार में अभी सिर्फ मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री की शपथ हुई है। डिप्टी चीफ मिनिस्टर मुकेश अग्निहोत्री को जल शक्ति, परिवहन और भाषा विभाग का जिम्मा दिया गया है। बाकी सभी पोर्टफोलियो अभी सुखविंदर सिंह सुक्खू ही संभाल रहे हैं। अभी आठ कैबिनेट मंत्री और बनाए जा सकते हैं। दिल्ली से ही गुरुवार को मुख्य सचिव को फोन के जरिए बताया गया कि विधानसभा का शीतकालीन सत्र 22 से 24 दिसंबर के बीच में बुलाया जाए। तीन बैठकों के इस सत्र में प्रोटेम स्पीकर नए चुने हुए विधायकों को शपथ दिलाएंगे। प्रोटेम स्पीकर के लिए वरिष्ठ विधायक चंद्र कुमार का नाम तय हुआ है और उनकी शपथ राज्यपाल 19 दिसंबर को दिलाएंगे।
विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का होगा चुनाव
विंटर सेशन के दौरान ही नए विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। कांग्रेस कैबिनेट गठन के साथ सभी चारों संसदीय सीटों का संतुलन बनाना चाह रही है और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी युवा कैबिनेट चाहते हैं। शिमला, कांगड़ा और सोलन जिला में वरिष्ठता के बजाय युवा चेहरे मंत्रिमंडल में लेने के लिए कशमकश चल रही है। यह भी लगभग तय है कि मंत्रिमंडल में खाली 10 पदों में से सभी को नहीं भरा जाएगा। एक या दो मंत्री पद मुख्यमंत्री खाली रख सकते हैं। इसे कांग्रेस के भीतर की गुटबाजी को भी नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। हालांकि संभावित मंत्रियों को मुख्यमंत्री ने पहले ही काम पर लगा रखा है और अलग-अलग विभागों की रिपोर्ट इनको बनाने को कहा गया है। अभी माना जा रहा है कि शिलाई से हर्षवर्धन चौहान, घुमारवीं से राजेश धर्माणी, जुब्बल कोटखाई से रोहित ठाकुर, किन्नौर से जगत सिंह नेगी, शिमला ग्रामीण से विक्रमादित्य सिंह, धर्मशाला से सुधीर शर्मा, जवाली से चंद्र कुमार, कुल्लू से सुंदर ठाकुर, सुजानपुर से राजेंद्र सिंह राणा जैसे विधायक कैबिनेट में जगह पा सकते हैं।
सीएम के दौरे में बदलाव, अब 20 को लौटेंगे
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दिल्ली दौरे में बदलाव हुआ है। वह अब 20 दिसंबर को वापस लौट आएंगे और 22 से धर्मशाला में शीतकालीन सत्र शुरू होगा। पहले मुख्यमंत्री 19 तारीख को लौट रहे थे। माना जा रहा है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से दिल्ली वापस आने के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे। यह सिर्फ शिष्टाचार भेंट होगी।
यह भी पढ़े: