THE NEWS WARRIOR
13/04/2022
कार के गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल
एक युवक की मौके पर ही मौत, जबकि एक अन्य युवक ने टांडा अस्पताल में तोड़ा दम
विवेक की मौत से एक साल का बेटा व पत्नी हुए बेसहारा
कांगड़ा:-
विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के सल्ली में एक कार के गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। घायलों का टांडा अस्पताल में उपचाराधीन किया गया है। जानकारी के मुताबिक हादसा आज सुबह करीब चार बजे हुआ है। बताया जा रहा है कि चार युवक नोहली में एक कार्यक्रम में भाग लेने गए थे तथा यह चारों अपनी गाड़ी आल्टो एचपी 54 सी 9633 में सुबह-सुबह ही नोहली से अपने घर के लिए लौट रहे थे। सल्ली के पास कनोल में उनकी गाड़ी करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के दौरान एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक ने टांडा अस्पताल में दम तोड़ा।
घायल टांडा अस्पताल में भर्ती
मृतकों की पहचान 30 वर्षीय विवेक कुमार निवासी रूलेहड़ व 32 वर्षीय अजय निवासी बुशवाल डाकखाना धुलारा के रूप में हुई है। अजय और विवेक अपने रिश्तेदार के घर कार्यक्रम में गए थे। जबकि, घायलों में बृज लाल व संदीप निवासी धुलारा टांडा अस्पताल में भर्ती हैं। बताया जा रहा है हादसा करीब सुबह चार बजे के आसपास हुआ है तथा इसकी जानकारी साढ़े पांच बजे लगी। लोगों ने खाई में कार की लाइट जलते हुए देखी तथा इसकी जानकारी पूर्व पंचायत प्रधान को दी। पूर्व प्रधान ने पुलिस को इसकी सूचना दी तथा लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायल बृज लाल व संदीप धुलारा के निवासी हैं।
जांच अधिकारी एएसआई अश्वनी कुमार ने बताया कि पुलिस ने आइपीसी 279, 337, 304ए के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिए जाएंगे।
एक साल का बेटा व पत्नी हुए बेसहारा
कार हादसे में मृतक 30 वर्षीय विवेक निवासी रूलेहड़ डाकघर बोह चंबा जिला के धुलारा में किराये का कमरा लेकर अपनी पत्नी व एक साल के बेटे के साथ रहता था और वहीं पर हलवाई की दुकान भी करता था। यह चार भाई व तीन बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी हैं। विवेक चारों भाई बहनों में सबसे छोटा था। घर में माता कैलाशो देवी व पिता रमेश चंद हैं, जो खेतीबाड़ी करते हैं।
यह भी पढ़े………………………………