THE NEWS WARRIOR
28/05/2022
70 बसों की पहली खेप पहुंची बद्दी
परिवहन निगम बसों की सूची तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजेगा, उसके बाद होगा डिपुओं के लिए आवंटन
शिमला:-
हिमाचल पथ परिवहन निगम की बंगलूरू से 70 नई बसें बद्दी पहुंच गई हैं, अभी 125 बसें और आनी बाकी हैं। निगम की टीम ने बसों का निरीक्षण कर कंपनी को छोटी-मोटी कमियां दूर करने के निर्देश दे दिए हैं। परिवहन निगम बसों की सूची तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजेगा, उसके बाद इन्हें अलग-अलग डिपुओं के लिए आवंटित कर रवाना किया जाएगा।
परिवहन निगम ने अपने बेड़े के लिए 195 नई बसों का ऑर्डर दिया है। इनमें से 70 बसों की पहली खेप बद्दी पहुंच गई हैं। बसें बंगलूरू से ट्रेन के माध्यम से चंडीगढ़ पहुंची और वहां से निगम चालक इन्हें चलाकर बद्दी लाए हैं।
विशेष टीम ने किया बसों का निरीक्षण
बसों को आगे भेजने से पहले बद्दी में निगम की विशेष टीम ने इनका निरीक्षण किया। इस टीम में परिवहन निगम के जनरल मैनेजर और तकनीकी स्टाफ के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। बसों की चेकिंग में टीम को कुछ खामियां मिली हैं। इनके बारे में संबंधित कंपनी और एंजेसी को जानकारी दे दी गई है।
बिना करियर के बसे
बद्दी पहुंची नई बसें बगैर करियर वाली हैं, इनमें बस की छत पर सामान रखने की कोई व्यवस्था नहीं है। सामान रखने के लिए बस के अंदर बड़ी डिग्गी उपलब्ध है। अब यात्री अपना सामान इस डिग्गी में ही रख सकेंगे। हालांकि यह प्रदेश के सब्जी और फूल उत्पादकों के लिए चिंता का विषय बना है। क्योंकि छोटे सब्जी उत्पादक बस की छत पर ही सामान मंडियों तक लाते थे। ऐसे में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
यह भी पढ़े:-
रामपुर में नशे के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन, किया चक्का जाम