हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय शैक्षिक संघ इकाई का गठन
21 September 2021
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर द्वारा हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय शैक्षिक संगठन का गठन किया गया।
यह इकाई अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ से संबद्ध होगी। इस अवसर पर महासंघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर ने बताया कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के.जी. से पी.जी. तक की शिक्षा में काम करने वाला देश का सबसे बड़ा संगठन है। शैक्षिक महासंघ का ध्येय वाक्य राष्ट्र के हित में शिक्षा, शिक्षा के हित में शिक्षक एवं शिक्षक हित में समाज पर विस्तार से जानकारी दी।
शैक्षिक उन्नयन एवं नवाचार हेतु राष्ट्रीय विचारों के साथ काम करने वाला यह अद्वितीय संगठन है। उन्होंने संगठन की विकास यात्रा के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए संगठन की कार्य पद्धति पर प्रकाश डाला और कहा कि संगठन की इकाई में कार्यकर्ता सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने शिक्षक की गरिमा को प्राचीन काल से जोड़ते हुए वर्तमान में इसकी आवश्यकता पर गहराई से चिंता व्यक्त की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत सह कार्यवाह अशोक जी, हिमाचल प्रदेश उच्च शिक्षा संवर्ग के प्रांत अध्यक्ष डॉ. रविंद्र ठाकुर एवं महामंत्री डॉ. दवेंद्र एटलस के साथ संगठन मंत्री पवन मिश्रा, हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. खेम राज शर्मा सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक मौजूद रहे। यह जानकारी संगठन के मीडिया प्रभारी डॉ. योगेश कुमार गुप्ता ने दी।