हिमाचल उपचुनाव : कांग्रेस प्रत्याशियों के नाम तय, मंडी से प्रतिभा सिंह तो फतेहपुर से भवानी पठानिया लड़ेंगे चुनाव।
जुब्बल कोटखाई से रोहित ठाकुर तो अर्की से संजय अवस्थी लड़ेंगे चुनाव
04 अक्टूबर 2021
हिमाचल प्रदेश उपचुनाव : का डंका बज चुका है। प्रदेश के दोनों प्रमुख दल कांग्रेस व बीजेपी अपने अपने प्रत्याशियों के नाम तय करने में लगी है। कांग्रेस ने लगभग टिकट तय कर दी है। दिल्ली में कांग्रेस कमेटी ने नामों को लगभग तय कर दिया है अब ऐलान करना बाकि है। मंडी की लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह को मौका दिया गया है। इस सीट के लिए आश्रय शर्मा एवं कौल सिंह ठाकुर के नाम भी थे। अर्की विधानसभा क्षेत्र से संजय अवस्थी को मौका दिया गया है।
कांग्रेस ने जुब्बल कोटखाई में पूर्व मुख्यमंत्री रामलाल ठाकुर के पोते रोहित ठाकुर पर ही मैदान में उतारा है। वह पिछली वीरभद्र सरकार में मुख्य संसदीय सचिव रह चुके हैं। इस सीट पर रोहित ठाकुर के अलावा कांग्रेस के पास वैसे भी दूसरा कोई नाम नहीं था।
कांगड़ा की फतेहपुर सीट पर भी कांग्रेस ने पूर्व मंत्री सुजान सिंह पठानिया के निधन के बाद उनके बेटे भवानी पठानिया को ही टिकट दिया है। जुब्बल कोटखाई और फतेहपुर को लेकर वैसे भी कांग्रेस में कोई संदेह नहीं था।
इस दिन भरेंगे कांग्रेस प्रत्याशी नामांकन
दिल्ली में हुई इस बैठक में राजीव शुक्ला ने राज्य कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और सह प्रभारी संजय दत्त की रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला लिया। तय हुआ है कि 2 दिन के भीतर टिकट की घोषणा हो जाएगी और 7 अक्टूबर को पहले नवरात्र पर तीनों विधानसभा सीटों जुब्बल कोटखाई, अर्की और फतेहपुर में कांग्रेस के प्रत्याशी नामांकन करेंगे। प्रतिभा सिंह मंडी संसदीय सीट के लिए नामांकन के आखिरी दिन 8 अक्टूबर को पर्चा भरेंगी।