THE NEWS WARRIOR
25 /10/2022
अचानक अनियंत्रित होकर गहरे नाले में जा गिरी
भरमौर:
पुलिस थाना भरमौर के तहत गरीमा-रैटण मार्ग पर सोमवार देर शाम एक जीप अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। हादसे में वाहन में सवार दो युवकों की मौत हो गई। दिवाली की रात दो घरों के चिराग बुझ गए। मृतक की पहचान 21 वर्षीय सन्नी पुत्र अर्जुन सिंह निवासी गांव गरीमा व 28 वर्षीय अशोक कुमार पुत्र देशराज निवासी गांव रैटण की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार उक्त दोनों युवक एचपी-01 सी 2148 वाहन में सवार होकर देर शाम भरमौर से रैटण गांव की ओर निकले थे। इस दौरान जब जीप गरीमा गांव से करीब 200 मीटर आगे पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर गहरे नाले में जा गिरी।
आवाज सुनकर घटनास्थल की और दौड़े लोग
दुर्घटना देर शाम करीब साढ़े आठ बजे हुई। जीप के नाले में गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। साथ ही इस संबंध में पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस को सूचना देने के साथ ही लोगों ने अपने स्तर पर बचाव कार्य शुरू कर दिया। कुछ ही देर में पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई तथा बचाव कार्य तेज किया गया। पुलिस ने लोगों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सड़क तक पहुंचाया। जहां से उन्हें उपचार के लिए भरमौर अस्पताल ले जाया गया। लेकिन, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
एक ने रास्ते में ही तोड़ा दम
21 वर्षीय सन्नी ने घाव का ताव न सहते हुए दम तोड़ दिया था। ऐसे में डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि, गंभीर रूप से घायल अशोक कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज चंबा रैफर कर दिया गया। इस दौरान चंबा ले जाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। इसके बाद उसके शव को भरमौर अस्पताल लाया गया। जहां पर पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव स्वजनों को सौंप दिए हैं।