THE NEWS WARRIOR
08 /09 /2022
देश के सभी ब्लॉकों में पीएम-श्री योजना के तहत दो होंगे मॉडल स्कूल
नई दिल्ली:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवाई वाली कैबिनेट ने पीएम-श्री योजना को मंजूरी दे दी है, जिसके अनुसार देशभर के 14597 स्कूलों को मॉडल बनाया जाएगा। साथ ही उन्हें अपग्रेड किया जाएगा। कैबिनेट की बैठक के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश के सभी ब्लॉकों में पीएम-श्री योजना के तहत दो मॉडल स्कूल होंगे, जो नई शिक्षा नीति के अनुसार काम करेंगे। पीएम-श्री योजना के तहत देशभर के 14597 स्कूलों को अपग्रेड किया जाएगा, जिनमें स्मार्ट क्लासरूम, साइंस लैब, आधुनिक लाइब्रेरी होगी।
प्रत्येक मॉडल स्कूल को दो करोड़ रुपए दिए जाएंगे
आधुनिक सुविधाओं से युक्त खेल के मैदान होंगे। इस योजना के अनुसार स्कूलों की नई बिल्डिंग बनाने के बजाय पुराने स्कूल का ही कायाकल्प किया जाएगा। स्कूलों का चयन राज्य सरकारों से वार्ता करके तय किया जाएगा। पीएम-श्री योजना के तहत पांच साल के लिए प्रत्येक मॉडल स्कूल को दो करोड़ रुपए दिए जाएंगे। केंद्र से जो पैसा दिया जाएगा, सीधे स्कूल को जाएगा। 14597 स्कूलों में केंद्रीय विद्यालय और नवोदय विद्यालय भी शामिल होंगे।
यह भी पढ़े:-
बद्दी: 14.677 किलोग्राम भुक्की के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार, पढ़े पूरी खबर