the news warrior
10 जनवरी 2023
मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली से लौटने के उपरांत शिमला में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने सत्ता में बने रहने के लिए अनेक झूठे वायदे और एक-से-बढ़कर एक खोखले दावे करके राज्य की जनता को धोखा दिया है |भाजपा सरकार ने चुनावी लाभ लेने के लिए वैट के सात रुपये घटाए थे | वर्तमान कांग्रेस सरकार ने अध्ययन कर पुराने निर्णय को बदला है| वैट बढ़ाकर डीजल के रेट बढ़ने के मामले में सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा की सरकार ने लोगों को ठगा है| उन्होंने कहा कि पिछली सरकार को ठग सरकार की उपाधि मिलनी चाहिए, अब काम करने वाली सरकार आई है|
सुक्खू ने कहा कि भाजपा ने चुनाव जीतने के लिए वैट कम कर दिया | हिमाचल प्रदेश सरकार पर कर्जा लेने का इतना अधिक बोझ डाल दिया कि उन्हें कर्ज लेने की सीमा को बढ़ाना पड़ा | 75 साल में जो भी सीएम रहे, उन सबने संस्थान मजबूत किए| सवा चार साल तक जयराम भी संस्थानों को मजबूत करते रहे, लेकिन चुनाव से पहले पता नहीं, कहां से दिव्य शक्ति आ गई कि उन्होंने 900 संस्थान खोल दिए | एसडीएम, एक्सईएन कार्यालय, बिजली के इलेक्ट्रिकल के दफ्तर बिना बजट के खोल दिए |
मुख्यमंत्री ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि पूर्व में भाजपा सरकार ने ही मुख्य संसदीय सचिवों के पद सृजित किए थे औरअब वही नेता वर्तमान राज्य सरकार द्वारा सीपीएस नियुक्त करने के फैसले पर सवाल उठा रहे हैं| उन्होंने भाजपा नेताओं को धैर्य रखने की सलाह देते हुए कहा कि राज्य की जनता ने कांग्रेस पार्टी को भारी जनादेश दिया है|