the news warrior
11 जनवरी 2023
चंबा के जनजातीय उपमंडल पांगी के तापमान में काफी गिरावट होने के चलते अत्यधिक ठंड और पानी के जम जाने से हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम को बसों के परिचालन में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है | जिसके चलते घाटी में निगम द्वारा बसों का परिचालन बंद कर दिया है | जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है |
अड्डा प्रभारी कमल सिंह ने बताया कि पांगी उपमंडल और मुख्यालय किलाड़ में शीत ऋतु के चलते तापमान में भारी गिरावट आई है ।इसके चलते अत्यधिक ठंड और पानी जम जाने की घटनाएं सामान्य होती हैं |ऐसे में तकनीकी दृष्टि से बसों को स्टार्ट करना सही नहीं है | कम तापमान के कारण गाड़ी के रेडिएटर में मौजूद कूलन्ट भी जम जाता है | ऐसी स्थिति में यदि बसों को स्टार्ट किया जाता है तो इंजन व अन्य उपकरण खराब हो जाते हैं |
इसके साथ घाटी में बर्फबारी के कारण सड़क मार्ग भी अवरुद्ध रहते हैं | दुर्घटनाओं की संभावनाओं को मद्देनजर रखते हुए लोगों की सुरक्षा के लिए इस तरह के कदम उठाए जाना आवश्यक हैं | उन्होंने लोगों से सहयोग का आह्वान करते हुए बताया कि मौसम के सामान्य होने की अवस्था में बसों का सुचारु परिचालन शुरू कर दिया जाएगा|