THE NEWS WARRIOR
18 /08 /2022
प्रशासन ने तुरंत मौके पर भेजी आपदा प्रबंधन की टीम
चंबा:
हिमाचल के चंबा स्थित मणिमहेश यात्रा के दौरान बुधवार को पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने लगे। पत्थरों की चपेट में आकर मां-बेटी की मौत हो गई। जबकि अन्य दो श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही प्रशासन ने तुरंत मौके पर आपदा प्रबंधन की टीम भेजी। टीम ने घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां पर घायलों का इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिए हैं।
हादसा दुनाली मार्ग पर हुआ
जानकारी के अनुसार हादसा हड़सर से 3 किलोमीटर दुनाली मार्ग पर हुआ है। बुधवार को जब श्रद्धालु दुनाली मार्ग से होकर मणिमहेश जा रहे थे तो अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे। पैदल चल रहे श्रद्धालु पत्थरों की चपेट में आ गए। हादसे में सोनू देवी (32) पत्नी गोगा राम व अंविता (10) निवासीगण लुपयाणा जिला कांगड़ा, साहिल शर्मा (22) पुत्र सुभाष चंद निवासी गांव सलोली मोड़ ऊना, गणेश (27) पुत्र तिलक राज निवासी वार्ड नंबर-5 सुजानपुर पठानकोट घायल हो गए।
अफरातफरी का माहौल
जिसके तुरंत बाद वहां पर अफरातफरी का माहौल बन गया। प्रशासन ने मौके पर आपदा प्रबंधन की टीम को भेजा। इसके बाद चारों घायलों को सिविल हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया। BMO डॉ. अंकित ने बताया कि इस हादसे में मां और बेटी की मौत हो गई है। जबकि 2 घायल हॉस्पिटल में उपचाराधीन हैं। वहीं, इस बारे में डीएसपी अभिमन्यु वर्मा का कहना है कि पुलिस ने मां बेटी के शव को अपने कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है
यह भी पढ़े: