पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे चरणजीत सिंह चन्नी, राहुल गांधी भी ले सकते हैं शपथग्रहण समारोह में हिस्सा।
20 सितंबर 2021
Punjab CM Oath Ceremony :चमकौर साहिब के विधायक चरणजीत सिंह चन्नी सुबह 11 बजे पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। वह प्रदेश के पहले दलित मुख्यमंत्री होंगे। शनिवार को कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफा देने के बाद रविवार को नए सीएम के तौर पर चन्नी के नाम पर सहमति बनी थी। चन्नी कैप्टन की कैबिनेट में तकनीकी शिक्षा मंत्री थे लेकिन अब वह पूरी प्रदेश की कमान संभालेंगे।
कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद कांग्रेस में मची सियासी उठापटक के बीच पंजाब की सरदारी चरणजीत सिंह चन्नी के हाथ आई है। सूबे के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में चन्नी कुछ ही देर में शपथ लेंगे। सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी भी शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा ले सकते हैं। कांग्रेस ने पहली बार दलित चेहरे पर दांव खेलकर विरोधी दलों की रणनीति की न केवल काट ढूंढ निकाली है बल्कि सूबे की दलित आबादी को साधने का काम किया है।
कैप्टन अमरिंदर सिंह के विरोधी एवं राहुल गांधी के करीबी बताए जा रहे चरणजीत सिंह चन्नी आज शपथ ग्रहण करेंगे। नवजोत सिंह सिद्धू और बलजिंदर सिंह के बीच तकरार में चरणजीत सिंह चन्नी बाजी मार गये।