THE NEWS WARRIOR
12/04/2022
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया गृह जिला बिलासपुर में कार्यकर्ताओं से संवाद
पहाड़ी राज्यों में सब बोलते हैं, लेकिन यहां चुनाव नहीं है आसान- राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा
गोवा में आम आदमी पार्टी के लगे थे बैनर ही बैनर लेकिन जनता ने मोदी के राष्ट्रवाद पर लगाई मुहर
कंदरौर के साथियों के साथ मेरा अटूट रिश्ता-नड्डा
बिलासपुर:-
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के अपने चार दिवसीय दौरे के अंतिम दिन मंगलवार को गृह जिला बिलासपुर में कार्यकर्ताओं से संवाद किया । कंदरौर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नड्डा ने कहा पहाड़ी राज्यों में बोलते सब हैं, लेकिन यहां चुनाव आसान नहीं है। गोवा में आम आदमी पार्टी के बैनर ही बैनर लगे, ऐसा दिखाई दिया कि भाजपा है ही नहीं, लेकिन जनता ने मोदी के राष्ट्रवाद पर मुहर लगाई।
कोरोना काल में कहते रहे यह भाजपा का टीका है, इसे लगाने से बच्चे नहीं होंगे। अब भारत में 130 करोड़ लोगों को टीका लगा है। अब चुनाव आ गए हैं तो वह वोट लेने आएंगे तो पूछना कि आपने भाजपा का टीका लगवाया कि नहीं।
नड्डा ने कांग्रेस पर भी साधा निशाना
नड्डा ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कांग्रेस परिवार की पार्टी, प्राइवेट लिमिटेड पार्टी है, इनका विकास से कोई लेना देना है। यह देश के विकास के साथ भी समझौता कर सकते हैं। इन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक पर, कोरोना वैक्सीन पर भी सवाल उठाए। इनका विचार से कोई लेना देना नहीं है।
कंदरौर के साथियों के साथ मेरा अटूट रिश्ता-नड्डा
कंदरौर में लोगों को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कंदरौर के साथियों के साथ मेरा अटूट रिश्ता है। आंदोलन से लेकर अब तक के सफर में मेरी उनके साथ बहुत गहरी यादें जुड़ी हैं। हमने देश भर में लोगों को सड़कों से कनेक्ट कर दिया, अब लोगों को हमसे कनेक्ट रहने की जरूरत है।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप भी मौजूद रहे। सदर विधायक सुभाष ठाकुर ने उन्हें सम्मानित किया। इसके बाद जगत प्रकाश नड्डा ने स्थानीय लोगों से संवाद किया।
यह भी पढ़े………………………………..