THE NEWS WARRIOR
25/03/2022
शाम चार बजे अटल बिहारी वाजपेयी क्रिकेट स्टेडियम में योगी आदित्यनाथ लेंगे शपथ
दूसरी बार बनने जा रहे हैं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री पद की लेंगे शपथ
उत्तर प्रदेश:-
योगी आदित्यनाथ आज दूसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसी के साथ योगी उत्तर प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री बन जाएंगे, जो पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा सत्ता संभालेंगे। गुरुवार को योगी आदित्यनाथ ने सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया। योगी आदित्यनाथ आज शाम चार बजे अटल बिहारी वाजपेयी क्रिकेट स्टेडियम भव्य समारोह में शपथ लेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी रहेंगे मौजुद
योगी आदित्यनाथ आज अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। योगी के साथ करीब 47 मंत्री भी शपथ ले सकते हैं। इकाना स्टेडिमय में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल योगी और मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। यूपी में बीते 37 वर्षों में पहला मौका होगा जब किसी एक दल की सरकार दोबारा सत्ता संभालेगी।
योगी मंत्रिमंडल होगा युवाओं की ऊर्जा, महिला शक्ति और अनुभव का संगम
उत्तर प्रदेश की नई सरकार का मंत्रिमंडल युवाओं की ऊर्जा, महिलाओं की शक्ति और दिग्गज नेताओं के अनुभव का संगम होगा। उत्तर प्रदेश को देश की नंबर एक अर्थव्यवस्था वाला राज्य और देश में सबसे अधिक प्रति व्यक्ति आय वाला राज्य बनाने के संकल्प के साथ प्रदेश की नई सरकार शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में शपथ लेगी। मंत्रिमंडल के जरिये भाजपा की कोशिश मिशन 2024 के तहत क्षेत्रीय संतुलन के साथ सामाजिक समीकरण साधने की भी होगी।