THE NEWS WARRIOR
11/05/2022
कान्स में केन्द्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर भारतीय प्रतिनिधिमंडल का करेंगे नेतृत्व
ए.आर. रहमान, शेखर कपूर, अक्षय कुमार, रिकी केज रेड कार्पेट पर चलने वाली हस्तियों में शामिल होंगे
कान्स फिल्म फेस्टिवल:-
75वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में रेड कार्पेट इवेंट भारतीय दर्शकों के लिए एक भव्य आयोजन होगा क्योंकि 17 मई, 2022 को कान्स फिल्म फेस्टिवल 2022 के उद्घाटन के दिन देश भर की सिने जगत की हस्तियां भारतीय प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के रूप में रेड कार्पेट पर चलेंगी।
केन्द्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर कान्स में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। मशहूर हस्तियों की सूची में देश भर के प्रमुख संगीत उद्योगों के सितारे शामिल हैं।
इस प्रतिनिधिमंडल में निम्नलिखित हस्तियां होंगी शामिल:-
- अक्षय कुमार (अभिनेता एवं निर्माता, बॉलीवुड)
- ए. आर. रहमान (अंतरराष्ट्रीय संगीतकार)
- मामे खान (लोक संगीतकार, गायक)
- नवाजुद्दीन सिद्दीकी (अभिनेता, बॉलीवुड)
- नयनतारा (अभिनेत्री, मलयालम, तमिल)
- पूजा हेगड़े (अभिनेत्री, हिंदी, तेलुगू)
- प्रसून जोशी (अध्यक्ष, सीबीएफसी)
- आर. माधवन (अभिनेता एवं निर्माता), कान्स में रॉकेट्री का वर्ल्ड प्रीमियर
- रिकी केज (संगीतकार)
- शेखर कपूर (फिल्म निर्देशक)
- तमन्ना भाटिया (अभिनेत्री, हिंदी, तेलुगू, तमिल फिल्म)
- वाणी त्रिपाठी (अभिनेत्री)
यह भी पढ़े :-
पंडित सुखराम को संचार क्रांति के मसीहा के रूप में हमेशा किया जाएगा याद
दीपिका पादुकोण भी आएंगी नजर
अदाकारा दीपिका पादुकोण कान्स फिल्म महोत्सव की आठ सदस्यीय प्रतियोगिता जूरी का हिस्सा हैं, जिसमें अदाकारा-फिल्म निर्माता रेबेका हॉल और ईरानी फिल्म निर्माता असगर फरहादी जैसे प्रतिष्ठित नाम शामिल हैं।
संस्कृति विरासत और विविधता को प्रदर्शित करना लक्ष्य
इस वर्ष संस्कृति, विरासत, परंपरा और विकास से संबंधित भारत के समृद्ध स्वाद एवं विविधता को सिनेमा के माध्यम से प्रदर्शित करने का इरादा है। देश के विभिन्न सामर्थ्य एवं पहलुओं का प्रतिनिधित्व करने के लिए देश भर के विभिन्न इलाकों से इस प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को चुना गया है।
नई एवं रोचक पहल
हाल ही में संपन्न हुए भारत के 52वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में कई नई पहल की गईं-जैसे कि नेटफ्लिक्स, अमेज़न प्राइम जैसे ओटीटी प्लेटफार्मों के साथ सहयोग; 75 क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो को मान्यता और ब्रिक्स फिल्म फेस्टिवल। इसी भावना के साथ, इस साल कान्स के लिए कई नई एवं रोचक पहल की गई हैं।
ध्यान देने लायक तथ्य यह है कि कान्स फिल्म फेस्टिवल के इस संस्करण में कान्स फिल्म बाजार में भारत को आधिकारिक रूप से ‘कंट्री ऑफ ऑनर’ का दर्जा दिया गया है। यह पहली बार है जब किसी देश को यह सम्मान दिया गया है और यह सम्मान ऐसे समय मिला है जब भारत अपनी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। भारत और फ्रांस भी इस साल अपने राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं।
“कंट्री ऑफ ऑनर” के तहत स्टार्टअप
केन्द्रीय मंत्री ने पूर्व में यह घोषणा की थी कि भारत कान्स नेक्स्ट में “कंट्री ऑफ ऑनर” भी है, जिसके तहत 5 नए स्टार्टअप को ऑडियो-विजुअल उद्योग में भागीदारी करने का अवसर दिया जाएगा।