the news warrior
4 जनवरी 2023
भारतीय हैंडबॉल संघ के तत्वावधान में तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में 26 से 30 जनवरी 2023 तक हैंडबॉल संघ द्वारा अंडर-20 राष्ट्रीय पुरुष हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है | तमिलनाडु में आयोजित की जाने वाली 44वीं जूनियर अंडर-20 राष्ट्रीय पुरुष हैंडबॉल प्रतियोगिता में भाग के लिए हिमाचल प्रदेश की जूनियर पुरुष टीम का चयन 12 जनवरी 2023 को बिलासपुर के कहलूर खेल परिसर में स्थित हैंडबॉल मैदान में किया जाएगा।
12 जनवरी सुबह 11 बजे करना होगा रिपोर्ट
यह जानकारी हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष भरत साहनी ने दी | साथ ही महासचिव नंदकिशोर शर्मा ने बताया कि 1 जनवरी 2003 अथवा उसके बाद जन्मे खिलाड़ी इस ट्रायल में भाग लेने की योग्यता रखते हैं। उन्होंने बताया की जो भी खिलाड़ी इसमें भाग लेना चाहते हैं वह हैंडबॉल मैदान 12 जनवरी को सुबह 11 बजे अपने आधार कार्ड तथा हैंडबॉल किट के साथ आयें | उन्होंने बताया कि सभी खिलाड़ी राज्य खेल छात्रावास के प्रभारी एवम हैंडबाल कोच मनोज ठाकुर को रिपोर्ट करेंगे। चयनप्रक्रिया में केवल हिमाचल प्रदेश के मूल निवासी ही हिस्सा ले पाएंगे | प्रतियोगिता में भाग लेने से पूर्व चयन प्रक्रिया के आधार पर चयनित खिलाड़ी 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगे। खिलाड़ियों के प्रशिक्षण शिविर तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रदेश हैंडबॉल संघ द्वारा सभी प्रकार की व्यवस्थाएं पूरी कर दी गयी हैं। नन्द किशोर ने प्रदेशभर के सभी खिलाड़ियों से चयन प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया है।