the news warrior
21 जनवरी 2023
शिमला : हिमाचल की राजधानी शिमला के ढली थाने के तहत एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि वह अपने कुछ दोस्तों के साथ ठैला के जंगल में शिकार करने गया था। जानकारी के अनुसार मृतक ने हाथ में बंदूक पकड़ी हुई थी । इस दौरान अचानक गोली चलने से उसकी मौत हो गई।
जंगली जानवरों का शिकार करने आए थे
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कुछ लोग जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए ढली के साथ लगते ठैला के जंगल में आए थे। राकेश कुमार नाम के व्यक्ति ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बीते शुक्रवार देर शाम कुछ लोग जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए ठैला आए थे । उसे बंदूक की गोली की आवाज सुनाई दी तो देखा कि एक व्यक्ति दोनों हाथों से छाती को पकड़कर जमीन पर गिर पड़ा है। उसके हाथ में बंदूक थी, ऐसे में उससे अचानक खुद से ही गोली चल गई।
मृतक ठियोग का रहने वाला है
मृतक का नाम केवल राम पुत्र कांशीराम निवासी गांव अन्नु पोस्ट ऑफिस कथोग तहसील ठियोग है। पुलिस ने ढली थाना में FIR दर्ज की है। जिसमें IPC की धारा 336, 304 ए, 201, 34 और 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, मौत का प्राथमिक कारण खुद से गोली चलना माना जा रहा है। इसके अतिरिक्त भी पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। इस संबंध में पुलिस अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है।