Read Time:2 Minute, 49 Second
THE NEWS WARRIOR
23 /04 /2022
ईसपुर गांव में शनिवार सुबह एक पोल्ट्री फार्म में अचानक लग गई आग
5300 मुर्गे पोल्ट्री फार्म में भड़की आग में जले जिंदा
दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने आग पर कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
करीब 12 लाख रुपये के नुकसान का आकलन
हरोली:-
उपमंडल हरोली के तहत पड़ते ईसपुर गांव में शनिवार सुबह एक पोल्ट्री फार्म में अचानक आग लग गई। जिस कारण उसमें रखे 5300 मुर्गे जिंदा जल गए। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 4.30 बजे ऊना गगरेट मुख्य मार्ग पर गांव ईसपुर में गगरेट मोड़ पर स्थित पोल्ट्री फार्म को अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया आग की लपटे इतनी ज्यादा थी कि दूर दूर तक कुछ नज़र नहीं आ रहा था। गांव के पूर्व बीडीसी सदस्य सरवन कुमार बबलू ने बताया कि जब उन्होंने अपने घर से आग की लपटें उठती देखी तो वह उस क्षेत्र की ओर गए देखा तो आग ने पोल्ट्री फार्म को अपनी चपेट में लिया था।
उन्होंने पोल्ट्री फार्म मालिक को सूचित किया। हालांकि पोल्ट्री फार्म मालिक अजय कुमार का घर नज़दीक ही था। लेकिन इस बारे में उसे कुछ पता ही नहीं चल पाया था। तभी उन्होंने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। लेकिन तब तक पोल्ट्री फार्म की शेड उसमें रखा मुर्गी चारा अन्य सामान सहित फार्म में रखे 5300 मुर्गे (व्रायलर) जल चुके थे।
करीब 12 लाख रुपये का नुकसान
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिकर्मी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया तथा आग के कारणों की जांच शुरू की। प्रथम दृष्टया आग का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। इस आग में करीब 12 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है।