THE NEWS WARRIOR
10 /11 /2022
ठिठुरन और फिसलन बढ़ी, पर्यटकों को यात्रा न करने की सलाह
हिमाचल:
हिमाचल प्रदेश में के जनजातीय जिला लाहौल स्पीति और चंबा में भारी बर्फबारी हुई है। चंबा के पांगी, किलाड़ व भरमौर की ऊंची चोटियों पर बीती रात ताजा हिमपात हुआ। इससे जहां मनाली-लेह हाईवे बंद हुआ, वहीं लाहौल स्पीति और चंबा जिले के अधिक ऊंचे क्षेत्रों की सड़कें भी वाहनों के लिए बंद हो गई हैं।
20 से ज्यादा सड़कें बंद
ताजा बर्फबारी को देखते हुए लाहौल स्पीति पुलिस ने भी सभी सैलानियों और स्थानीय लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की एडवाइजरी जारी है। पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है, क्योंकि ताजा हिमपात के बाद सड़क पर फिसलन बहुत बढ़ गई है। ऐसी सड़क पर सफर करना जोखिम भरा हो सकता है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, चंबा और लाहौल स्पीति में 20 से ज्यादा सड़कें बंद हो गई हैं। PWD महकमा इन सड़कों को बहाल करने में जुटा हुआ है।
अटल टनल हुई बंद
कुल्लू अटल टनल रोहतांग के छोर पर बुधवार से लगातार बर्फबारी हो रही है उसके बाद बीती पूरी रात यहां बर्फबारी का दौर जारी रहा जिस कारण यहां से वाहनों की आवाजाही को एहतियातन तौर पर रोक दिया गया है। पट्टन वैली में भी हल्की बर्फबारी शुरू हो चुकी है।
प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज
अधिक ऊंचे क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी के बाद तापमान में भी 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। केलोंग का न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस और कुकुमसेरी का 2.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। इसी तरह कल्पा 0, नारकंडा 2.1 डिग्री, कुफरी 3.6 डिग्री, डलहौजी में 3.3 डिग्री, मनाली 4.8 डिग्री और शिमला का 7 डिग्री तक गिर गया है।
कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी
प्रदेश के कई क्षेत्रों में बीती रात हल्की बारिश भी हुई है। पालमपुर में सबसे ज्यादा 10 मिलीमीटर, कुकुमसैरी में 8.2 मिलीमीटर, कल्पा में .2 मिलीमीटर दर्ज की गई। इसी तरह कई अन्य क्षेत्रों में भी बूंदाबादी हुई है।
यह भी पढ़े: