THE NEWS WARRIOR
27/05/2022
परिवहन मंत्री से मीटिंग में मांगों पर बनी सहमति
जून का वेतन जुलाई में मिलेगा एरियर के साथ
शिमला:-
हिमाचल प्रदेश एचआरटीसी ड्राइवर कर्मचारी यूनियन ने 30 मई की काम छोड़ो हड़ताल स्थगित कर दी है। परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर के साथ वीरवार को सचिवालय में हुई बैठक में ड्राइवर यूनियन की सभी मांगों को पूरा करने पर सहमति बन गई। इसके बाद यूनियन ने हड़ताल टालने का निर्णय लिया।
निगम की ड्राइवर यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह ने कहा कि परिवहन मंत्री ने छठे वेतनमान के लाभ सहित अन्य सभी मांगें मान ली हैं। वर्ष 2016 से 2022 तक के वेतन का एरियर वेतनमान में मर्ज किया जाएगा। निर्णय के अनुसार जून का वेतन जुलाई में एरियर के साथ मिलेगा। इसी तरह अगले कुछ महीनों में वेतन के साथ एरियर दिया जाएगा।
यह भी पढ़े:-
त्रिदेव सम्मेलन के बहाने कल चंबी मैदान में चुनाव के लिए जीत का मंत्र देगी समृति ईरानी
लम्बे समय से लंबित हैं मांग
एचआरटीसी में कुछ वित्तीय लाभ 2006 से 2016 के बीच के भी लंबित हैं। परिवहन मंत्री ने इनका भी आंकलन कर जल्द भुगतान करने का भरोसा दिया है। उन्होंने 36 महीने के ओवरटाइम सहित डीए का एरियर भी जल्द कर्मचारियों को देने का भरोसा दिया। इसी तरह परिवहन निगम में मंत्री ने वरिष्ठ चालकों के पद सृजन करने की मांग को भी मान लिया है। इस मांग को निगम की बीओडी पहले ही मंजूरी दे चुकी है।
30 मई को हड़ताल करने की थी चेतावनी
ड्राइवर यूनियन ने 29 मई की रात 12 बजे से 30 मई की रात 12 बजे तक काम छोड़ो हड़ताल की चेतावनी दी थी। यूनियन ने दावा किया था कि प्रदेशभर में 4000 सरकारी बसें 24 घंटे के लिए खड़ी की जाएंगी। इसे देखते हुए दो दिन पहले प्रबंध निदेशक के साथ भी ड्राइवर यूनियन की वार्ता हुई थी जो असफल रही। ड्राइवर यूनियन राज्य सरकार के कर्मचारियों की तर्ज पर छठे वेतनमान के लाभ की मांग कर रही है। राज्य सरकार अपने लगभग सभी कर्मचारियों को छठे वेतनमान के लाभ दे चुकी है लेकिन निगम कर्मचारियों को अब तक इसके लाभ नहीं दिए गए हैं। इसी तरह 36 महीने के लंबित पड़े ओवरटाइम का भुगतान, डीए का 2006 से लंबित पड़ा एरियर भी इन्हें नहीं दिया जा रहा था। अब ये सभी मांगें मान ली गई हैं।
यह भी पढ़े:-