the news warrior
12 जनवरी 2023
हिमाचल प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों को सुक्खू सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में पुरानी पेंशन का तोहफा मिलेगा| मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को सचिवालय में अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए इसकी जानकारी दी | इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने एन.पी.एस. कर्मचारियों को ओ.पी.एस. के लाभ प्रदान करेगी, जिससे उन्हें आर्थिक लाभ के साथ ही प्रदेश की सेवा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान भी प्राप्त होगा |
इस दौरान उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने अपने कार्यकाल के अन्तिम दिनों में मात्र चुनावी लाभ के लिए प्रदेश में लगभग 900 संस्थान खोल दिए| यह सभी संस्थान एवं कार्यालय बिना किसी बजट तय किए खोले गए|पूर्व भाजपा सरकार के वित्तीय कुप्रबन्धन से आज प्रदेश पर 75 हजार करोड़ रुपये के ऋण का भारी बोझ है| इसी कड़ी में राज्य सरकार को डीजल पर वैट में 3.01 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि के लिए मजबूर होना पड़ा|
गाय का दूध 80 और भैंस का 100 रुपये प्रति किलो खरीदेगी सरकार
गांवों की आर्थिकी को मजबूत करने के लिए सरकार काम करेगी | समाज में पिछड़ी, विधवा महिलाओं समेत अन्य वंचित वर्गों के लिए बजट में प्रावधान किया जाएगा | जिसमें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार गाय का दूध 80 और भैंस 100 रुपये प्रति किलो के हिसाब से खरीदेगी|
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह सीएम बनने के बाद सर्वप्रथम उन 6,000 बच्चों के पास गए जिनके माता-पिता नहीं हैं| ताकि उन्हें यह महसूस न हो कि उनका कोई नहीं है| अनाथ बच्चों और असहायों के लिए 100 करोड़ रुपये का मुख्यमंत्री सुखाश्रय कोष बनाएंगे | विधायकों से भी उन्होंने इस कोष में दान देने के लिए आग्रह किया है|
इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरूद्ध सिंह, मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, भोरंज के विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा तथा हिमाचल प्रदेश सचिवालय कर्मचारी संघ के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे |